दिल्ली में 13 अगस्त को नशामुक्त भारत अभियान: राष्ट्रीय स्तर का स्मारक कार्यक्रम
जशपुरनगर 06 अगस्त 2025/नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर जन-जागरूकता गतिविधियों के आयोजन हेतु भारत सरकार द्वारा दिल्ली में 13 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय स्तर का स्मारक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जो भौतिक तथा डिजिटल माध्यम से लगभग 3 करोड़ लोगों तक पहुंच बनाएगा
इस अवसर के सफल क्रियान्वयन हेतु राज्य व जिला स्तर पर जन सहभागिता सुनिश्चित करने समाज कल्याण संचालनालय रायपुर से निर्देश प्राप्त हैं। जिसके अनुसार जिलों में 01 अगस्त 2025 से 31 अगस्त 2025 तक विशेष कर 13 अगस्त को स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों तथा संस्थानों में नशामुक्ति हेतु सामुहिक संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।
समाज कल्याण विभाग जशपुर द्वारा जिले के सभी विभागों, संस्थानों, विभिन्न विद्यालयों से आग्रह किया गया है कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्व सहायता समूहों, मंडलों, एनएसएस, एन वाई के आदि के माध्यम से निबंध, चित्रकला, पोस्टर, मेकिंग, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन, लेखन, रैली संगोष्ठी इत्यादि प्रतियोगिता का आयोजन कर स्थानीय स्तर पर प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक एवं सोशल मीडिया का उपयोग करते हुए अभियान की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही संचालक समाज कल्याण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार कार्यक्रम आयोजित कर एनएमबीए मोबाईल एप्प में अपलोड करने हेतु प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ्स भी विभाग को उपलब्ध कराए जाए।
