*खलिहान में अभ्यास कर जिले के पांच खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड........कुश्ती और एथलेटिक्स के खिलाड़ी तैयार कर रहे अंकित मिंज, सुबह-शाम दे रहे निशुल्क प्रशिक्षण.....*
नारायणपुर : संसाधन के नाम पर सुविधाएं शून्य, पर हौसला चमकने का है। इसी हौसले के साथ नारायणपुर क्षेत्र के पांच खिलाड़ियों ने नेशनल गेम में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इनके कोच अंकित मिंज खलिहान और नारायणपुर के खेल ग्राउंड में कुश्ती और एथलेटिक के खिलाड़ी तैयार कर रहे हैं।
स्कूल गेम्स एंड एक्टिविटी डेवलपमेंट फेडरेशन का सेकेंड नेशनल चैम्पियनशिप 15 जुलाई को राजीव गांधी स्पोटर्स कॉम्पलेक्स दिल्ली में आयोजित हुआ। जिसमें जशपुर जिले के पांच खिलाड़ियों ने पहला स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रौशन किया है। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में कुश्ती के तीन खिलाड़ी प्रतीक भगत (65 किलोग्राम कैटेगरी), नरेन्द्र यादव (75 किग्रा कैटेगरी) और दुर्गेश राम (60 किग्रा कैटेगरी) के हैं। वहीं एथलेटिक्स में भाला फेंक में जीवन किशोर तिर्की और तावा फेंक में पुरुषोत्तम राम ने पहला स्थान प्राप्त किया है। बता दें कि इनके कोच अंकित मिंज भी साल 2024 में इसी नेशनल फेडरेशन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। वर्तमान में अंकित मिंज से 11 खिलाड़ी खेलों की बारीकियां सीख रहे हैं। अंकित खिलाड़ियों को सुबह-शाम मुफ्त में ट्रेनिंग दे रहे हैं। पांच खिलाड़ियों के नेशनल गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद अब इस इलाके के खिलाड़ी इंटरनेशनल गेम्स की की तैयारी तैयारी कर रहे हैं।
ग्रामीण और आदिवासी बच्चों में स्टेमिना की कोई कमी नहीं: ट्रेनर अंकित
एथलेटिक्स के खेलों में प्रैक्टिस के साथ स्टेमिना की अहम भूमिका रहती है। आम तौर पर शहर में लोग स्टेमिना बढ़ाने के लिए कई तरह के सप्लीमेंट लेते हैं। पर ग्रामीण और आदिवासी बच्चों में स्टेमिना की कोई कमी नहीं है। कोच अंकित मिंज बताते हैं,कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे बचपन से ही खेतों में काम कर, जंगल पहाड़ों में जाकर मजबूत रहते हैं। उनका स्टेमिना का जवाब नहीं है। प्रैक्टिस और संसाधन मिले तो बच्चे नेशनल व इंटरनेशनल गेम में भी देश का झंडा ऊंचा कर सकते हैं।
यह सुविधाएं मिलने पर और आगे बढ़ेंगे खिलाड़ी
एथलेटिक्स के खेलों के लिए जशपुर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में सुविधाओं की भारी कमी है। नारायणपुर क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष कई खेलों के खिलाड़ी स्टेट ओर नेशनल स्तर में भाग लेकर पदक लाते रहें है।यदि यंहा खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के लिए सुविधा के तौर पर आउटडोर जिम, नेशनल लेवल का जेवलिन, नेशनल लेवल का डिस्कस, नाइट प्रैक्टिस के लिए ग्राउंड में फ्लड लाइट और पीने का पानी की सुविधा मिले, तो और अधिक संख्या में खिलाड़ी रूचि लेंगे और खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी।
