नारायणपुर धान मंडी में अव्यवस्था से किसान बेहाल: दर्जनों ट्रैक्टरों की कतार, 11 बजे तक नहीं शुरू हुई खरीदी
ताजा खबरें

बड़ी खबर

नारायणपुर धान मंडी में अव्यवस्था से किसान बेहाल: दर्जनों ट्रैक्टरों की कतार, 11 बजे तक नहीं शुरू हुई खरीदी


नारायणपुर 07 जनवरी 2026। आदिम जाति सेवा समिति नारायणपुर में आज धान बेचने पहुंचे किसानों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। सुबह से ही धान मंडी परिसर के बाहर और अंदर दर्जनों ट्रैक्टरों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन निर्धारित समय के बावजूद 11 बजे तक धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। इससे किसानों में नाराजगी और चिंता का माहौल बना रहा।

मंडी में मौजूद किसानों ने बताया कि वे प्रतिदिन तड़के सुबह मंडी गेट के सामने लाइन लगाना शुरू कर देते हैं, ताकि जल्द नंबर लग जाए और धान बेचकर समय पर अपने घर लौट सकें। लेकिन आज खरीदी शुरू न होने से किसान घंटों तक ट्रैक्टरों में धान लेकर इंतजार करने को मजबूर रहे। कई किसानों ने आशंका जताई कि मौजूदा हालात को देखते हुए आज धान बेचने में देर रात हो सकती है।

इस संबंध में जब आदिम जाति सेवा समिति के कर्मचारियों से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि मंडी में लेबरों की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई है। कर्मचारियों के अनुसार, कल खरीदे गए धान की बोरियों को समय पर व्यवस्थित नहीं किया जा सका था, जिस वजह से आज सुबह से ही बोरियों को सहेजने और व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है। इसी कारण धान खरीदी की प्रक्रिया में देरी हुई।

समिति कर्मचारियों ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है और सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा। व्यवस्था दुरुस्त होते ही खरीदी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

हालांकि, मंडी में व्याप्त अव्यवस्था और देरी से किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। किसानों का कहना है कि समय पर खरीदी शुरू न होने से न केवल उनका समय बर्बाद होता है, बल्कि आर्थिक और मानसिक तनाव भी बढ़ता है। किसानों ने प्रशासन और समिति प्रबंधन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त लेबर और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image