जशपुर में अवैध धान परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर से 30 क्विंटल धान जब्त,अब तक 1930 क्विंटल जब्त
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर से 30 क्विंटल धान जब्त,अब तक 1930 क्विंटल जब्त

जशपुर 4 जनवरी 2026 : जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना तपकरा क्षेत्र अंतर्गत जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 30 क्विंटल धान को एक ट्रैक्टर सहित जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 69 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए धान एवं वाहन को जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान खरीदी के मौजूदा सीजन में सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं। इसी को देखते हुए जशपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जा रही है।

दिनांक 02 एवं 03 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात लगभग 2 बजे थाना तपकरा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घुमरा बैरियर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक नीले रंग का बिना नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा जब ट्रैक्टर को रोका गया और उसकी ट्रॉली की जांच की गई, तो उसमें प्लास्टिक के त्रिपाल से ढंककर रखी गई 70 बोरियों में कुल 30 क्विंटल धान पाया गया।

ट्रैक्टर चालक ने पूछताछ में अपना नाम गुलबदन साय (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम मृगखोल, थाना तपकरा बताया। पुलिस द्वारा धान के संबंध में वैध दस्तावेज एवं मंडी टोकन प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद धान के अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि धान झारखंड से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी की जा रही थी। पूरे मामले में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक रामराय पैंकरा, आरक्षक शोभनाथ सिंह, शिवशंकर साय एवं नगर सैनिक सुरेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गौरतलब है कि जशपुर पुलिस अब तक अवैध धान परिवहन के मामलों में 7 ट्रक, 22 पिकअप वाहन एवं 2 ट्रैक्टरों से कुल 1930 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों जैसे लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर, बागबहार, दुलदुला, कुनकुरी, कोल्हेनझरिया, पंडरा पाठ, ऊपर कछार एवं दोकड़ा क्षेत्र में की गई है।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image